भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच मनाई।
सिंग्रामपुर /// सिंग्रामपुर में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लोगों ने एकजुट होकर भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच मनाई। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान महादेव घाट रोड से जबेरा होते हुए सिंग्रामपुर, कोड़ा कला और भजिया मार्ग तक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। ‘बाबा साहेब अमर रहें’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के अनुज सतेंद्र सिंह लोधी उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता रूपेश सेन ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे विस्तृत और श्रेष्ठ लिखित संविधान है, जो प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल औपचारिकता न बनकर उनके विचारों को जीवन में उतारने का माध्यम बननी चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन सामाजिक समता और भेदभाव उन्मूलन के लिए समर्पित रहा है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त और समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों को ‘नशा मुक्त भारत’ बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने शिक्षित, जागरूक और व्यसनमुक्त समाज को ही बाबा साहेब के सपनों के भारत की आधारशिला बताया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन, जिला पंचायत सदस्य रजनी ठाकुर ने कार्यक्रम के समापन पर सभी का आभार व्यक्त किया। साथ ही बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।