सांसद ने पेयजल संकट पर अधिकारियों को लताड़ा: ग्रामीणों की शिकायत के बाद दिए टैंकर चलाने के निर्देश
झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह ने पिड़ावा क्षेत्र के ढाबला भोज और हरनावदा गजा में एक दिवसीय पदयात्रा और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में भीषण पेयजल संकट की समस्या बताई और पेयजल उपलब्ध करवाने की मांग की।
पदयात्रा की शुरुआत बांसखेड़ी से हुई, जहां सांसद दुष्यंत सिंह ने ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने इन दोनों ग्राम पंचायतों के अलावा पूरे सौंधवाड़ क्षेत्र की सभी 10 ग्राम पंचायतों के गांवों में पेयजल व्यवस्था की लचर स्थिति और पसरे पेयजल संकट के निराकरण की मांग की।
ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि उनके गांवों में जलापूर्ति सही नहीं होने के कारण भीषण पेयजल संकट व्याप्त है। इस पर सांसद सिंह ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई और गांवों में तत्काल पेयजल व्यवस्था करने के साथ ही, यदि व्यवस्था संभव न हो तो टैंकर चलाने के निर्देश दिए।
इसके बाद सांसद ने ढाबला भोज, हरनावदा गजा और सेमली चौहान में भी ग्रामीणों से जनसंवाद किया। इस पदयात्रा में सांसद के साथ जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, विधायक कालूराम मेघवाल, गोविंद रानीपुरिया, संजय जैन ताऊ, प्रधान सीता कुमारी भील, मंडल अध्यक्ष नारायण सिंह, राजू माली, रामेश्वर पाटीदार, बालू सिंह, कमल कासलीवाल, बहादुर सिंह, लालसिंह खेड़ी, ईश्वर सिंह, जनपद लालसिंह, चैन सिंह, बालकिशन जमींदार, सुरेंद्र सिंह, शंभू सिंह, राकेश मीणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Aima media jhalawar