हाइवे पर टायर फटने से पिकअप पलटी, एक की मौत, चार गंभीर घायल
फतेहपुर संवाददाता।
भीषण गर्मी के बीच तेज रफ्तार पिकअप वाहन का टायर फटने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में पिकअप पर सवार पांच लोग वाहन के नीचे दब गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, थरियांव थाना क्षेत्र के जयसिंहपुर गांव निवासी 35 वर्षीय कन्हैया लाल अपनी पत्नी मधू, बहन उमा देवी, बहनोई सुभाष तथा भांजा सूरज के साथ पूना से गांव लौट रहे थे। परिवार में 20 अप्रैल को आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सभी लोग कानपुर से पिकअप वाहन द्वारा गांव जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के पास चलते समय पिकअप का पिछला टायर अचानक फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गया और पीछे बैठे सभी लोग उसके नीचे दब गए।
हादसा होते ही राहगीर और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पिकअप को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपालगंज भेजा गया। जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने कन्हैया लाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के भतीजे अर्जुन सिंह चौहान ने बताया कि बड़े भाई पप्पू चौहान की बेटी की शादी 20 अप्रैल को होनी थी, जिसमें शामिल होने के लिए पूरा परिवार पूना से घर लौट रहा था। गांव से लगभग 45 किलोमीटर पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।
थाना प्रभारी सुमित देव पांडेय ने बताया कि हादसे में कन्हैया लाल की मौत हुई है। वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।