भौंरा में महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर फायरिंग, यूनियन नेता पर हमला — इलाके में दहशत
धनबाद के सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित भौंरा ईजे महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने चार राउंड हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे। वार्ता समाप्त कर जैसे ही वे बाहर निकले, पहले से घात लगाए अपराधियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमलावरों ने मौके पर खड़ी एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।