सरेनी के कोड़रा गांव में भीषण आग, 5 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख
संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से पाया काबू; फायर टीम पहुंचने से पहले ही हो चुका था भारी नुकसान
अरविन्द भारती संवाददाता
रायबरेली :-
रायबरेली (सरेनी) सरेनी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत कोड़रा गांव में खेतों में आग लगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 5 बीघा फसल जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि गांव निवासी सहदेव और बृजलाल अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक खेतों की ओर से धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण आग बुझाने के लिए मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने नलों और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने पर दमकल और डायल 112 को सूचना दी गई, लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, तब तक लगभग 5 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी।
इस आग की चपेट में बृजलाल, कालीचरण, धर्मेंद्र कुमार (स्व. भगवती), महेंद्र कुमार (स्व. भगवती), अरुण कुमार (स्व. मोतीलाल), जितेंद्र कुमार (स्व. मोतीलाल) व सुंदर समेत कई किसानों की फसल गाटा संख्या 104 में पूरी तरह नष्ट हो गई।
घटना की सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का आकलन करने में जुट गई है। ग्रामीणों ने बताया कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन व राजस्व विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।