बैंक मैनेजर के घर का ताला तोड़ चोरी का प्रयास, CCTV में कैद वारदात
शाहजहांपुर: जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं के बीच रोजा थाना क्षेत्र की लोधीपुर स्थित सिटी पार्क कॉलोनी में चोरों ने एक बैंक मैनेजर के मकान को निशाना बनाया। बदमाश घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब 20 मिनट तक मकान में रहे। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना 12 अप्रैल की रात की बताई जा रही है। बैंक मैनेजर मीनाक्षी उस समय सुल्तानपुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थीं। रविवार दोपहर पड़ोसियों ने मकान के बाहर ताले टूटे देखे तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मीनाक्षी और पुलिस को दी।
सीसीटीवी फुटेज में चार से पांच संदिग्ध युवक घर में घुसते और बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मकान से कोई सामान चोरी हुआ है या नहीं। मकान मालकिन के लौटने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि ताले टूटे मिले हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि सिटी पार्क कॉलोनी को शहर की सुरक्षित कॉलोनियों में गिना जाता है, जहां कई अधिकारी और कारोबारी रहते हैं। इसके बावजूद हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने इसी कॉलोनी के एक अन्य मकान में भी घुसने का प्रयास किया था।
पिछले कुछ समय से सदर बाजार और चौक कोतवाली क्षेत्र में भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।