सांसद का नाम लेकर धमकी! सब्जी मंडी के बीच सड़क पर प्लेटिना गाड़ी खड़ी कर युवक बोला- "मैं सांसद का भतीजा नीतेश हूँ, कोई कुछ नहीं कर सकता"..
रायगढ़
सांसद का नाम लेकर धमकी! सब्जी मंडी के बीच सड़क पर प्लेटिना गाड़ी खड़ी कर युवक बोला- "मैं सांसद का भतीजा नीतेश हूँ, कोई कुछ नहीं कर सकता"..
रायगढ़@खबर सार :- आज शाम सांसद का नाम दुरुपयोग कर ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखने वाला एक युवक रायगढ़ सब्जी मंडी के बीचों-बीच फंस गया। संजय कॉम्प्लेक्स सब्जी मंडी में, जहां ट्रैफिक विभाग का स्टॉपर लगा था, वहां प्लेटिना गाड़ी जिसका नंबर (CG13AZ0727) बीच सड़क पर खड़ी कर युवक ने स्थानीय दुकानदारों को खुलेआम धमकी दी। जब दुकानदारों ने गाड़ी हटाने को कहा कि सड़क जाम हो जाएगी, तो युवक ने गरजते हुए कहा- “मैं सांसद का भतीजा हूँ, मेरा नाम नीतेश है। कोई मेरा कुछ नहीं कर सकता। जितना चालान काटना है काट लो!”
स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत मोबाइल पर पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। साथ ही उन्होंने ट्रैफिक विभाग को तुरंत सूचना दी।
ट्रैफिक विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया और प्लेटिना वाहन का ऑनलाइन चालान “नो पार्किंग जोन” में गाड़ी खड़ी करने के लिए काट दिया, 300रु का काटा गया ई-चालान। मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद से उनका भी पक्ष लेने हेतु संपर्क किया और उनका पक्ष जानना चाहा।
सांसद ने वीडियो देखने के बाद साफ शब्दों में कहा, “यह मेरा न पास का न दूर का कोई रिश्तेदार नहीं है। मैं इस व्यक्ति को नहीं जानता। यह साफ-साफ मेरे नाम का दुरुपयोग है।” सांसद ने जिला प्रशासन, शासन और संबंधित विभागों से तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “अगर कोई भी व्यक्ति कहीं भी मेरे नाम का दुरुपयोग करे तो थाना हो या कोई भी विभाग, तत्काल उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।”
ट्रैफिक डीएसपी रायगढ़ उत्तम प्रताप सिंह ने मामले में तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि युवक की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने स्थानीय स्तर पर सनसनी मचा दी है। लोग कह रहे हैं कि सांसद का नाम लेकर सड़क पर मनमानी करने वालों को अब सबक मिलना चाहिए। रायगढ़ प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही युवक के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है।
नोट : वीडियो और चालान की पुष्टि के साथ पूरा मामला अब जिला प्रशासन के पास है। नाम का दुरुपयोग करने वालों पर सांसद की सख्त चेतावनी के बाद अब देखना यह होगा कि प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।