स्कूल चलो अभियान के तहत नव प्रवेशी बच्चों का भव्य स्वागत, नारों से गूंजा गांव
मिर्जापुर ( पड़री /पहाड़ी ) :- विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत हिनौती स्थित कम्पोजिट विद्यालय पथरहां में “स्कूल चलो अभियान” के अंतर्गत नव प्रवेशी बच्चों का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में गांव के गणमान्य नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे माहौल उत्साह और उमंग से भर गया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं समाजसेवी रामसिंह राणा, प्रधानाध्यापक प्रशांत दुबे, अभिषेक उपाध्याय, श्रीमती पूजा उपाध्याय, श्रीमती अंजली श्रीवास्तव, श्रीमती मीरा सिंह, सुशील कुमार सहित गांव के अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का तिलक, माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों ने जोशीले नारों के साथ शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
“चौका बर्तन छोड़ दो, शिक्षा से नाता जोड़ लो”
“एक दो तीन चार, शिक्षा की जय-जयकार”
जैसे नारों से पूरा गांव गूंज उठा।
प्रधानाध्यापक प्रशांत दुबे ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है और सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को विद्यालय से जोड़ना है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामसिंह राणा ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक बनाएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने संकल्प लिया कि गांव का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। इस प्रेरणादायक पहल से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश गया और बच्चों में विद्यालय के प्रति उत्साह देखने को मिला।