एनएच-2 पर डंपर ने एंबुलेंस में मारी टक्कर, चालक की मौके पर मौत
फतेहपुर संवाददाता।
मलवां थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में शव लेकर जा रही एंबुलेंस डंपर की टक्कर का शिकार हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार मथुरा जनपद के माट थाना क्षेत्र के बिलंदपुर गांव निवासी 58 वर्षीय अमन सिंह पुत्र गुलाब सिंह एंबुलेंस चालक थे। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली से शव लेकर झारखंड जा रहे थे। शनिवार रात जैसे ही एंबुलेंस मलवां थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-2 पर पहुंची, तभी तेज रफ्तार डंपर ने एंबुलेंस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक अमन सिंह की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त एंबुलेंस को हटवाकर यातायात बहाल कराया। वहीं मृतक द्वारा ले जाए जा रहे शव को दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था कर झारखंड के लिए रवाना कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।