मुजफ्फरनगर में पेंशनर्स एसोसिएशन का अधिवेशन, रामपाल शर्मा बने अध्यक्ष
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत सभागार में ‘सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश’ के द्विवार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनाव भी संपन्न कराए गए।
जय भारत दर्शन समाचार पत्र मुजफ्फरनगर
अधिवेशन में सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव के परिणामस्वरूप रामपाल शर्मा को अध्यक्ष, फूल सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रेमपाल शर्मा को मंत्री और अशोक कुमार शर्मा को संप्रेक्षक पद पर निर्वाचित किया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया। चुनाव अधिकारी की मौजूदगी में सभी पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद की गरिमा बनाए रखने और संगठन के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ ली।
अधिवेशन को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रामपाल शर्मा ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और इससे जुड़ी विसंगतियों को दूर कराना संगठन का मुख्य लक्ष्य रहेगा।
उन्होंने कहा कि जब तक पेंशन संबंधी सभी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक संगठन संघर्ष जारी रखेगा। जरूरत पड़ी तो सड़कों से लेकर शासन स्तर तक आंदोलन किया जाएगा और पेंशनर्स के अधिकारों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।
अधिवेशन में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी और संगठन के सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का संकल्प लिया।