*भेंड़ा में धर्म और राजनीति का संगम, भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा के साथ कांग्रेस की महापंचायत में गूंजेगा सत्ता परिवर्तन का शंखनाद*
*भेंड़ा में धर्म और राजनीति का संगम, भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा के साथ कांग्रेस की महापंचायत में गूंजेगा सत्ता परिवर्तन का शंखनाद*
मैहर। 20 अप्रैल को भेंड़ा गांव एक बड़े आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है, जहां एक ओर भगवान भोलेनाथ की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य धार्मिक कार्यक्रम होगा, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा किसान, पीड़ित, शोषित और वंचित वर्गों के हक में महापंचायत आयोजित कर राजनीतिक बिगुल फूंका जाएगा। कांग्रेस नेता रामनिवास उरमलिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि नेशनल हाईवे किनारे स्थित मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद यह ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई का मंच भी बनेगा। इस महापंचायत में विंध्य क्षेत्र के कई बड़े कांग्रेसी नेता एक मंच पर जुटेंगे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व उद्योग मंत्री व अमरपाटन विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह की मौजूदगी में कांग्रेस किसानों और वंचित वर्गों की लड़ाई का औपचारिक आगाज करेगी।उरमलिया ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज किसान, गरीब और आम जनता दर-दर भटकने को मजबूर है, उनकी सुनवाई नहीं हो रही। यह महापंचायत उन सभी की आवाज बनेगी और बाबा साहब के संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष का शंखनाद करेगी। उन्होंने इसे आने वाले समय में बड़े राजनीतिक बदलाव की शुरुआत बताते हुए क्षेत्र की जनता से अपील की कि भारी संख्या में पहुंचकर इस आंदोलन को मजबूती दें। भेंड़ा में होने वाला यह आयोजन अब क्षेत्र की राजनीति का केंद्र बिंदु बनता जा रहा है।