सेमारी में अवैध क्लीनिक व मेडिकल स्टोर पर प्रशासन की कार्रवाई
सेमारी।। राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं जिला कलक्टर सलूम्बर के आदेशों की पालना में उपखण्ड क्षेत्र सेमारी में अवैध क्लीनिक, नीम-हकीम और मेडिकल स्टोर के विरुद्ध शनिवार को सख्त कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान औषधि नियंत्रण अधिकारी उदयपुर कुलदीप सिंह यदुवंशी के साथ खण्ड स्तरीय टीम तहसीलदार सेमारी डूंगरलाल प्रजापत, मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुकुल मीणा एवं एएसआई दौलत सिंह ने विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण किया। जिसमें राजस्व गांव रठौड़ा स्थित सिद्धि विनायक मेडिकल स्टोर पर दवाइयों के क्रय-विक्रय से संबंधित रिकॉर्ड सही नहीं पाए गए। इस पर संचालक द्वारा की गई अनियमितताओं को लेकर मौके पर ही रिपोर्ट तैयार की गई। वहीं राजस्व ग्राम टोकर में स्थित दो अवैध क्लीनिक निरीक्षण के दौरान बंद पाए गए। टीम द्वारा मौके पर ही नोटिस तैयार कर दोनों क्लीनिकों पर चस्पा किए गए। इसी प्रकार राजस्व ग्राम सुरखंड का खेड़ा में दो अवैध क्लीनिक भी बंद मिले, जिस पर भी नोटिस जारी कर चस्पा किया गया।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिक, नीम-हकीम एवं मेडिकल स्टोर के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।