पड़री में अवैध बोल्डर परिवहन का कहर! स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़, जिम्मेदार विभाग मौन
मिर्जापुर (पड़री/पहाड़ी )
पड़री मार्केट के चादलेवा मार्ग पर पहाड़ी की ओर से इन दिनों अवैध खनन परिवहन का खुला खेल जारी है। बड़ी-बड़ी ट्रैक्टर ट्रालियों में ओवरलोड बोल्डर भरकर तेज रफ्तार से बिना वैध परमिट (MM-11) के धड़ल्ले से पड़री मार्केट से होते हुए डगमपुर की तरफ परिवहन किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि यह सब कुछ प्रशासन और संबंधित विभागों की नाक के नीचे हो रहा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ चुप्पी साधी गई है।
स्थानीय निवासी अखिलेश सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खनन विभाग, वन विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है। अगर जिम्मेदार ईमानदारी से कार्रवाई करें, तो एक दिन में ही यह पूरा खेल बंद हो सकता है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस मार्ग पर करीब 5 विद्यालय स्थित हैं, जहां रोजाना 2500 से अधिक छात्र-छात्राएं पैदल और साइकिल से आवागमन करते हैं। तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रालियां बच्चों के लिए मौत बनकर दौड़ रही हैं। कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की नींद नहीं टूट रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है? आखिर कब तक मासूम बच्चों की जान जोखिम में डाली जाएगी? अवैध परिवहन से जहां एक ओर राजस्व की भारी क्षति हो रही है, वहीं दूसरी ओर आम जनता की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा है।
क्या विभागीय मिलीभगत पर लगेगा अंकुश?
कब रुकेगा बिना परमिट का यह अवैध परिवहन?
क्या किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेगा प्रशासन?
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और उच्च अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध खनन और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।