logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जामटोली घाट बना हादसों का केंद्र, बोलेरो 60 फिट खाई में गिरने से चालक की मृत्यु, एक घायल.!


कुसमी/बलरामपुर (मोहम्मद खालिद)

बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्रांतर्गत ग्राम पंचायत गजाधरपुर के जामटोली घाट में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना घटित हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 HA 4528 जामटोली घाट के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
उक्त वाहन में कुल तीन व्यक्ति सवार थे। दुर्घटना में वाहन चालक प्रीतम नगेसिया, उम्र 19 वर्ष, की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं पुरान नगेसिया, उम्र 32 वर्ष, गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से तत्काल खाई से बाहर निकालकर उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन में सवार तीसरे व्यक्ति दीपक गुप्ता, निवासी जमीरापाठ सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
घटना के पश्चात स्थानीय ग्रामीणों ने त्वरित तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना प्राप्त होते ही थाना कुसमी पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई करते हुए मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही उपरांत पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। मामले में मर्ग कायम कर विस्तृत विवेचना की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। जामटोली घाट में तीव्र मोड़, ढलान एवं पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव के कारण यह स्थान लगातार दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि जामटोली घाट में पिछले एक माह के भीतर यह दूसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पूर्व भी इसी स्थान पर एक बॉक्साइट वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से मांग की गई है कि उक्त स्थल पर शीघ्र डिवाइडर निर्माण, क्रैश बैरियर, चेतावनी संकेतक बोर्ड एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
थाना कुसमी पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि घाट एवं घुमावदार मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें, तेज गति से वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें।

0
77 views

Comment