हजरत सैयद मीरान शाह बाबा का सालाना उर्स स्थगित
प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण 15 अप्रैल का आयोजन टला, नई तिथि बाद में होगी घोषित
सोनभद्र ब्यूरो चीफ। सोनभद्र में हिन्दू-मुस्लिम एकता के प्रतीक माने जाने वाले हजरत सैयद मीरान शाह बाबा (र0अ0) का सालाना उर्स इस वर्ष निर्धारित तिथि 15 अप्रैल 2026 को आयोजित नहीं हो सकेगा। उर्स इंतजामिया कमेटी द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार प्रशासनिक परमिशन न मिलने के कारण इस आयोजन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि उर्स का आयोजन हर वर्ष बड़ी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाता है, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। यह आयोजन क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है।
प्रेस नोट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जैसे ही प्रशासन से अनुमति प्राप्त होगी, उर्स की नई तिथि घोषित की जाएगी। कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और आधिकारिक घोषणा का इंतजार करें।
इस संबंध में कमेटी के पदाधिकारी मुस्ताक अहमद (सेक्रेटरी) और हिदायत उल्लाह खान (सदर) ने जानकारी देते हुए कहा कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन अनुमति न मिलने के कारण कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा।
उर्स इंतजामिया कमेटी ने लोगों से अधिक से अधिक जानकारी साझा करने और शांति बनाए रखने की भी अपील की है।