logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सेजबहार लूट कांड का खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग शामिल



रायपुर, 11 अप्रैल 2026।
राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सेजबहार इलाके में हुई लूट, मारपीट और छेड़छाड़ की गंभीर वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में 2 आरोपियों और विधि के साथ संघर्षरत 3 नाबालिगों सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

घटना 8 अप्रैल 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है, जब प्रार्थी भूषण साहू अपनी दो भांजियों और एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से भाठागांव से मुजगहन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सेजबहार स्थित शुभम ऑटो पार्ट्स हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास दो मोटरसाइकिलों में सवार 5 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल को लात मारकर गिरा दिया और चाबी निकाल ली। इसके बाद डंडों से प्रार्थी और उसके साथी पर हमला किया गया तथा चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई।

इस दौरान जब प्रार्थी की भांजियों ने बीच-बचाव किया, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और गलत नियत से छेड़छाड़ करते हुए उन्हें खींचने का प्रयास किया, जिससे उनके कपड़े फट गए। घटना के बाद आरोपियों ने सोने की चैन, ताबीज, दो मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली और फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट पर थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 76/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(2), 74 एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना मुजगहन एवं थाना न्यू राजेंद्र नगर की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान मुख्य आरोपी चेतन नामदेव को गिरफ्तार किया गया, जिसने पूछताछ में अपने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद नितिन ध्रुव एवं तीन नाबालिगों को भी पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चाकू, डंडा तथा लूट का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी और एक नाबालिग पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

0
0 views

Comment