फुले जयंती पर उमड़ा सामाजिक न्याय का जनसैलाब, लखनऊ सम्मेलन में फतेहपुर के प्रतिनिधियों की सशक्त भागीदारी
लखनऊ/फतेहपुर, 11 अप्रैल 2026। राजधानी लखनऊ में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक ‘वैज्ञानिक जाति जनगणना सम्मेलन’ में जनपद फतेहपुर के कांग्रेस नेताओं ने प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई। सामाजिक न्याय और समानता के संकल्प के साथ आयोजित इस महासम्मेलन में जिले के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहभागिता की।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद, यूपी प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मौजूद रहे। इनके साथ फतेहपुर से महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व प्रत्याशी हेमलता पटेल, एआईसीसी सदस्य व पूर्व प्रत्याशी शिवाकांत तिवारी और वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदित अवस्थी ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस दौरान हेमलता पटेल, शिवाकांत तिवारी और उदित अवस्थी ने संयुक्त रूप से कहा कि महात्मा फुले का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान दिलाने के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा ‘वैज्ञानिक जनगणना’ का आह्वान किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की पारदर्शी भागीदारी और समावेशी विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है। सटीक आंकड़ों के आधार पर ही सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
सम्मेलन के दौरान फतेहपुर के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष जिले के सांगठनिक विजन को भी साझा किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी, सीएलपी लीडर आराधना मिश्रा ‘मोना’ तथा पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव सहित कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फतेहपुर के नेताओं की सक्रियता और राष्ट्रीय मंच पर उनकी प्रभावी भागीदारी से जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने संकल्प लिया कि वे महात्मा फुले के विचारों और कांग्रेस के ‘न्याय’ मिशन को जनपद के प्रत्येक गांव और घर तक पहुंचाएंगे, ताकि एक समरस और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण किया जा सके।