देवी पाटन मेले में ‘वायरल कुल्फी वाली’ बनी आकर्षण का केंद्र, मनोरंजन के साथ परोस रही स्वाद
🔥 देवी पाटन मेले में ‘वायरल कुल्फी वाली’ बनी आकर्षण का केंद्र, मनोरंजन के साथ परोस रही स्वाद 🔥
देवी पाटन में चैत्र माह में लगने वाले पारंपरिक एक माह के मेले में इस वर्ष 2026 का मेला एक खास वजह से चर्चा में है। मेले का मुख्य आकर्षण बनी हैं ‘वायरल कुल्फी वाली’, जिनकी अनोखी शैली ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
कुल्फी बेचने का उनका अंदाज बिल्कुल अलग है। वह ग्राहकों को कुल्फी देते समय उसे घुमा-फिराकर, कभी हाथ में देकर तुरंत वापस ले लेना, तो कभी कुल्फी देते-देते ग्राहकों से डांस करवा देना—इन सभी हरकतों से लोगों को हैरानी के साथ-साथ भरपूर मनोरंजन भी मिलता है। यही वजह है कि बच्चे, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं सभी उनके इस अंदाज को खूब पसंद कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर भी ‘कुल्फी वाली’ का जलवा देखने को मिल रहा है। उनके वीडियो YouTube और Facebook समेत कई प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे हैं, जहां उनके लाखों-करोड़ों फॉलोअर्स बन चुके हैं।
स्थानीय निवासी अखिलेश साहू ने बताया कि उनका 5 साल का बेटा जब कुल्फी लेने गया तो वह कन्फ्यूज हो गया कि कुल्फी हाथ में आने के बाद अचानक गायब कैसे हो गई। दरअसल, यह ‘कुल्फी वाली’ की खास ट्रिक और कला है, जो हर किसी को चौंका देती है।
उनकी इस अनोखी प्रस्तुति को देखने और कुल्फी का स्वाद लेने के लिए दुकान के सामने सैकड़ों की भीड़ जुटी रहती है। लोग न सिर्फ कुल्फी का आनंद ले रहे हैं, बल्कि अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर इस अनुभव को कैद भी कर रहे हैं।
अब हालात यह हैं कि देवी पाटन मेले में आने वाले दूर-दराज के श्रद्धालु और मेलार्थी भी स्थानीय लोगों से ‘वायरल कुल्फी वाली’ की दुकान का पता पूछते नजर आते हैं। मनोरंजन और स्वाद का यह अनोखा संगम इस बार मेले की पहचान बन चुका है।