खगड़िया में प्रशासनिक ढांचे को मिलेगा नया आयाम, विधायक बबलू मंडल ने किया निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन न्यूज
खगड़िया 8 अप्रैल .
प्रखंड सह अंचल कार्यालय होगा आधुनिक सुविधाओं से लैस , विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार- सदर विधायक
सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने बुधवार को खगड़िया सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में चल रहे प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवन निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इससे पूर्व उन्होंने सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में भी भाग लिया।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पुरन साह, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि अशोक सिंह मुखिया, जदयू जिला प्रवक्ता आचार्य राकेश पासवान शास्त्री, अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव उमेश सिंह पटेल, प्रभारी पर्यवेक्षक प्रियतम कुमार समेत कई पदाधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के उपरांत विधायक बबलू मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच के तहत बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण विभाग द्वारा राज्य के 299 प्रखंडों में आधुनिक प्रखंड सह अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें खगड़िया भी शामिल है।
उन्होंने जानकारी दी कि प्रस्तावित G+2 प्रशासनिक भवन में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों के सुसज्जित कार्यालय, अत्याधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल, आरटीपीएस काउंटर, कैंटीन एवं व्यवस्थित रिकॉर्ड रूम की सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके साथ ही परिसर में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा भी विकसित की जाएगी। भवन की छत पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने विश्वास जताया कि भवन के पूर्ण होते ही प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति एवं दिशा मिलेगी।