रजौली के भावा बिगहा में बम धमाका, एक घायल दो गिरफ्तार,
नवादा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है
रजौली थाना क्षेत्र के अमावाँ पश्चिमी पंचायत अन्तर्गत भावा बिगहा गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में अचानक बम विस्फोट हो गया। यह धमाका श्याम सुंदर सिंह के मकान में हुआ, जिससे पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
इस हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल बच्चे की पहचान दीपक कुमार के पुत्र युवराज कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए रजौली अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान उमा सिंह और सुंदर सिंह के रूप में की गई है।
क्या कहते हैं थाना अध्यक्ष?
थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि घर के अंदर बम रखा हुआ था, जो अचानक फट गया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश में जुटी है कि बम कहां से आया और इसके पीछे की मंशा क्या थी।
इस घटना के बाद पूरे भावा बिगहा गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है।