फतेहपुर में स्कूली बस ने साइकिल सवार छात्र को कुचला, मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम
फतेहपुर। खखरेरु थाना क्षेत्र के चकिया चौराहे के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली बस ने साइकिल सवार छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बैरी गांव निवासी 14 वर्षीय आयुष कुमार पुत्र शंकर लाल कस्बे के एक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह बुधवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था। गांव से करीब सौ मीटर आगे दामपुर मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक स्कूली बस ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस ने इसके बाद आगे जा रहे बाइक सवार 22 वर्षीय शिवम यादव पुत्र विजय कुमार निवासी बरईपुर को भी टक्कर मार दी। हादसे में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सीएचसी से जिला अस्पताल मंझनपुर के लिए रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे के बाद बस चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।