logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जनगणना प्रपत्र में ओबीसी का कॉलम नहीं, समाज में भारी रोष, ओबीसी की जनगणना नहीं हुई तो होगा तीव्र आंदोलन - दिनेश माली

सर्व ओबीसी समाज महापंचायत ट्रस्ट (रजि.) उदयपुर के बैनर तले कलेक्ट्रेट के बाहर ओबीसी समाज ने धरना-प्रदर्शन कर जनगणना प्रपत्र में ओबीसी का अलग कॉलम जोड़ने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान जोरदार नारेबाजी कर समाज की मांग को बुलंद किया गया। इसमें ओबीसी समाज की लगभग 40 जातियों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। संस्थापक दिनेश माली ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा करवाई जा रही जनगणना में 33 कॉलम में परिवार की जानकारी ली जा रही है, लेकिन इनमें ओबीसी वर्ग का अलग कॉलम शामिल नहीं है। इससे ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का आंकलन संभव नहीं हो पाएगा, जिससे समाज में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए अलग कॉलम मौजूद हैं, जबकि ओबीसी को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनसंख्या के आधार पर ही सरकार सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक योजनाएं, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व तय करती है। ऐसे में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम जरूरी है। इस मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र ओझा को ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृहमंत्री एवं जनगणना आयोग भारत सरकार को अवगत कराया गया। ओबीसी समाज ने चेतावनी दी कि यदि जनगणना में ओबीसी का अलग कॉलम नहीं जोड़ा गया तो समाज उग्र आंदोलन करेगा। एडवोकेट रतनलाल गुर्जर एवं महामंत्री सूर्य प्रकाश सुहालका ने बताया कि एक अन्य ज्ञापन के माध्यम से पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में ओबीसी को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार प्रतिनिधित्व देने की मांग की गई। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने ओबीसी आरक्षण के लिए ट्रिपल टेस्ट प्रक्रिया अनिवार्य की है, जिसमें ओबीसी वर्ग की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति का वैज्ञानिक अध्ययन आवश्यक है। आरोप लगाया गया कि संबंधित विभाग द्वारा घर-घर सर्वे करने के बजाय औपचारिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है, जिससे वास्तविक आंकड़े सामने नहीं आ पा रहे हैं और ओबीसी को समुचित आरक्षण मिलने में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में अध्यक्ष अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग, मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव राजस्थान सरकार को भी ज्ञापन भेजा गया। धरना-प्रदर्शन में दिनेश माली, रमाकांत अजारिया, सुखलाल साहू, तुलसीराम लोहार, सूर्य प्रकाश सुहालका, पी.एस. पटेल, बालकृष्ण सुहालका, करोड़ी लाल पूर्बिया, भंवरलाल पूर्बिया, डी.पी. लक्षकार, रतनलाल गुर्जर, कमलेश गुर्जर, दिवाकर माली, शंकरलाल गुर्जर, पर्था डांगी, मोहनलाल पटेल, खेमराज पटेल, रामलाल पटेल, सीएम टांक, अशोक मेवाड़ा, सोहनलाल सुहालका सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। महिला संगठन से मणी बेन पटेल, गंगा देवी माली, पूजा टेलर, तारा पूर्बिया, कल्पना पूर्बिया, मांगी देवी डांगी, नर्मदा डांगी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद रहीं।

11
1200 views

Comment