शुद्ध आहार अभियान के तहत घड़साना व रावला में कार्रवाई, कई प्रतिष्ठानों से सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा एवं ड्रग कंट्रोल राजस्थान के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत श्रीगंगानगर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई। आयुक्त टी. शुभ मंगला, सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला तथा अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनूपगढ़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेतराम खुड़िया ने घड़साना और रावला क्षेत्र में निरीक्षण किया।
घड़साना में बालाजी मिष्ठान भंडार से बिस्कुट व लहसुन भुजिया तथा पारिक देशी घी भंडार से घी के सैंपल लिए गए। वहीं रावला में गणपति ट्रेडिंग कंपनी से घी एवं मसाला जीरा के नमूने जांच के लिए भरे गए। सभी सैंपलों को प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को मिठाइयों को खुले में न रखने, खाद्य सामग्री को ढककर रखने, मसाले व खाद्य तेल खुला न बेचने तथा गुणवत्ता युक्त सामग्री उपयोग करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दुकानों में साफ-सफाई सुधारने और फूड डिस्प्ले बोर्ड लगाने के लिए पाबंद किया गया।
टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों में सफाई की कमी, पानी की जांच, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।