प्रेमिका से शादी की जिद में हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ा युवक, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
संवाददाता विनोद विश्वकर्मा जबलपुर एमपी
जबलपुर। जिले के सिहोरा क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रेमिका से शादी की जिद में एक युवक 2 लाख 20 हजार वोल्ट क्षमता वाली हाईटेंशन लाइन के खंभे पर चढ़ गया। युवक की मांग थी कि जब तक उसकी प्रेमिका मौके पर आकर उससे शादी का वादा नहीं करेगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। इस खतरनाक हरकत ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान मैहर जिले के निवासी रतन कोरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसका सिहोरा क्षेत्र के ग्राम गजताल में रहने वाली अपनी मुंहबोली बहन की ननद से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। इसी बीच युवती का रिश्ता कहीं और तय होने की आशंका से व्यथित युवक ने यह सनसनीखेज कदम उठा लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। उनके साथ आरक्षक संदीप पांडे, देवराज पटेल, सोमदीप पटेल सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस और ग्रामीण लगातार युवक को सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन वह बार-बार यही कहता रहा कि जब तक उसकी प्रेमिका से बात नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया। युवक की मांग पर युवती को मौके पर बुलाया गया और उससे बातचीत कराई गई। बताया गया कि बातचीत और आश्वासन के बाद युवक खंभे से नीचे उतरने को तैयार हुआ। हालांकि, जैसे ही वह जमीन पर आया, पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया।
इस पूरे घटनाक्रम ने क्षेत्र में कौतूहल के साथ भय का माहौल भी पैदा कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि युवक ने अपनी जान जोखिम में डालकर सार्वजनिक सुरक्षा को किस हद तक प्रभावित किया। थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को की सूझबूझ से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।