logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

घरेलू गैस सिलेंडर के भंडारण एवं वितरण पर प्रशासन सख्त: कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण हेतु नियमित निरीक्षण

निगरानी प्रणाली विकसित करने, 24×7 कंट्रोल रूम गठित करने का निर्देश

-------------------------

मुजफ्फरपुर

7 अप्रैल, 2026



प्रमंडलीय आयुक्त श्री गिरिवर दयाल सिंह ने घरेलू गैस सिलेंडर के भंडारण एवं वितरण व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तत्परता एवं सख्ती को रेखांकित करते हुए कहा है कि प्रमंडल अंतर्गत जिलों में समग्र स्थिति नियंत्रण में है, किंतु कुछ स्थानों से कालाबाजारी की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिन्हें गंभीरता से लिया जा रहा है।

इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त ने अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि आम उपभोक्ताओं को निर्बाध, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए उन्होंने प्रमंडल के सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम की स्थापना करने, जिला आपूर्ति पदाधिकारी के पर्यवेक्षण में 24×7 संचालित करने तथा सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से गैस आपूर्ति से संबंधित सभी गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है तथा प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही, प्रतिदिन का अभिलेख संधारित करते हुए निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके।

आयुक्त ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ क्षेत्रों से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी एवं कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने की शिकायतें मिली हैं, जो कि गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाकर वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाएं।

इस संबंध में आयुक्त द्वारा प्रमंडल अंतर्गत सभी जिलों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई है, जिसमें गैस सिलेंडर के भंडारण, आपूर्ति एवं वितरण की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई है। बैठक में यह सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है कि आम उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सरल एवं सुलभ तरीके से गैस सिलेंडर उपलब्ध हो।

आयुक्त ने यह भी जानकारी दी कि इस विषय पर राज्य स्तर पर भी सतत निगरानी रखी जा रही है। मुख्य सचिव, बिहार तथा जिला के प्रभारी सचिव के स्तर पर भी बैठकें आयोजित की गई हैं, जिनमें दिये गये निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशों के अनुरूप सभी जिलों में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित कराई जा रही है।

मीडिया के माध्यम से आम नागरिकों से अपील करते हुए आयुक्त ने कहा कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अनियमित वितरण अथवा अधिक मूल्य वसूली की शिकायत हो, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित कंट्रोल रूम या जिला प्रशासन को दें, ताकि शीघ्र कार्रवाई की जा सके।

आयुक्त ने अंत में कहा कि प्रशासन आम उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा गैस वितरण प्रणाली को सुचारू, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

5
2272 views

Comment