logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर: बंडा चेयरमैन समेत चार पर FIR, मारपीट व यौन शोषण का आरोप

शाहजहांपुर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में बंडा नगर पंचायत के चेयरमैन इसहाक उर्फ बड़े लल्ला समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, उनकी बेटी का निकाह करीब ढाई वर्ष पहले पूरनपुर निवासी एक युवक से हुआ था। आरोप है कि बंडा निवासी इकरान ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी का तलाक करवा दिया और बाद में उसे अपनी पत्नी की तरह अपने साथ रखने लगा।

निकाह से इनकार पर मारपीट का आरोप
जब महिला ने इकरान से निकाह करने का दबाव बनाया तो उसने अपने पिता सुल्तान, सरफराज और चेयरमैन इसहाक उर्फ बड़े लल्ला के साथ मिलकर शादी से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद सभी ने महिला के साथ घर के अंदर मारपीट की और उसे धक्के देकर बाहर निकाल दिया।

भाई को जान से मारने की धमकी
पीड़िता की मां का आरोप है कि जब उनकी बेटी आरोपियों के घर के बाहर बैठ गई, तो आरोपियों ने उनके बेटे को फोन कर धमकी दी कि यदि वह बहन को वहां से नहीं ले गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।

पुलिस पर भी लगाया अनदेखी का आरोप
पीड़िता पक्ष का कहना है कि 2 अप्रैल को थाने में शिकायत देने के बावजूद राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हुई। बाद में 5 अप्रैल की रात पुलिस ने इकरान, सुल्तान, सरफराज और इसहाक उर्फ बड़े लल्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।

चेयरमैन ने आरोपों से किया इनकार
इस मामले में चेयरमैन इसहाक उर्फ बड़े लल्ला ने कहा कि आरोपी इकरान उनका रिश्तेदार जरूर है, लेकिन उनका इस प्रकरण से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने के लिए इस तरह के आरोप लगवा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

11
916 views

Comment