इंडिया लाइव न्यूज़ अंकित श्रीवास्तव |
“कैमरे चालू, चपरासी मौजूद… फिर भी चोरी! अस्पताल पार्किंग में बेखौफ चोर, जिम्मेदार कौन?”
लखनऊ। शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल की पार्किंग से लगातार सामने आ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। ताजा मामला तालकटोरा क्षेत्र के गढ़ी कनौरा हरिशचंद्रपुर निवासी गौरव शर्मा से जुड़ा है, जिनकी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP32 EM8912) दिनदहाड़े पार्किंग से चोरी हो गई।
दिनदहाड़े वारदात से हड़कंप:
जानकारी के अनुसार, 21 मार्च 2026 को गौरव शर्मा अपनी बाइक अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कर अंदर गए थे। लेकिन जब वह करीब दोपहर 1 बजे वापस लौटे, तो उनकी बाइक मौके से गायब थी। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना CCTV कैमरे के सामने हुई, बावजूद इसके चोर बेखौफ होकर फरार हो गए।
CCTV और चपरासी पर सवाल:
पार्किंग में CCTV कैमरे लगे होने और चपरासी की मौजूदगी के बावजूद चोरी हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। क्या कैमरों की निगरानी नहीं हो रही थी? क्या पार्किंग स्टाफ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा था? स्थानीय लोगों का आरोप है कि पार्किंग स्टाफ की लापरवाही के कारण संदिग्ध लोग बिना रोक-टोक अंदर आते-जाते हैं। घटना के समय एक संदिग्ध रिक्शा चालक को भी वहां मंडराते देखा गया था।
पीड़ित की गुहार, प्रशासन मौन?
पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत ई-थाना पोर्टल पर दर्ज कराई गई है। फिलहाल इसे 'खोई वस्तु' की रिपोर्ट के रूप में दर्ज किया गया है, लेकिन स्थानीय लोग इसे सीधे चोरी का मामला मानते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर भी गाड़ी सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी कहाँ जाए?
जनता की प्रमुख मांगें:
मामले में तत्काल FIR दर्ज की जाए।
CCTV फुटेज की गहन जांच हो।
पार्किंग स्टाफ की जिम्मेदारी तय की जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया जाए।
- जन संवाद टीम (लखनऊ)