रायबरेली में गैस सिलेंडर से लगी आग, बुजुर्ग दंपत्ति गंभीर रूप से झुलसे
हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर
सरेनी थाना क्षेत्र के लाला खेड़ा गांव की घटना
रायबरेली जनपद के सरेनी थाना क्षेत्र अंतर्गत लाला खेड़ा मजरे चहोतर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गैस से खाना बनाते समय अचानक आग लगने से बुजुर्ग पति-पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी करीब 65 वर्षीय छेदीलाल और उनकी पत्नी मालती देवी घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस सिलेंडर से आग लग गई। पास में रखे कपड़ों ने भी आग पकड़ ली, जिससे आग तेजी से फैल गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
घटना के समय मौजूद पड़ोसी मुकेश कुमार ने बताया कि किसी प्रकार का विस्फोट नहीं हुआ था, बल्कि कपड़ों में आग लगने से स्थिति विकराल हो गई और घर में धुआं भर गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बाहर निकाला और निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरेनी पहुंचाया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. मो. आतिफ के अनुसार दोनों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
परिजनों के मुताबिक, छेदीलाल की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है, जिससे घटना के दौरान स्थिति और गंभीर हो गई। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।