Chandigarh. हाउसिंग बोर्ड की कार्रवाई का विरोध : सेक्टर 45/D के निवासियों ने खोला मोर्चा, आज हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के बाहर करेंगे।
Chandigarh Housing Board News : चंडीगढ़ के सेक्टर 45/D में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) द्वारा मकान तोड़ने के नोटिस जारी किए जाने के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष है। रविवार को प्रभावित मकान मालिकों ने क्षेत्र में एक अहम बैठक कर बोर्ड की इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण और जनविरोधी करार दिया। निवासियों ने एक सुर में कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपने आशियाने उजड़ने नहीं देंगे। प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज मजबूती से प्रशासन तक पहुंचाने के लिए सोमवार को हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
हर संभव संघर्ष का संकल्प"
बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर अपने घरों की रक्षा के लिए हर संभव संघर्ष करने का संकल्प लिया। लोगों का स्पष्ट कहना है कि वर्षों से बसे उनके घरों को उजाड़ने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के नेता और समाजसेवी शादाब राठी ने कहा कि यह लड़ाई केवल मकानों की नहीं, बल्कि लोगों के अधिकारों और मान-सम्मान की है।
प्रशासन को दी चेतावनी"
राठी ने चंडीगढ़ प्रशासन से अपील की कि जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए तोड़फोड़ की इस कार्रवाई को तुरंत रोका जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हाउसिंग बोर्ड ने अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया, तो यह आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है। इसके बाद पैदा होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। क्षेत्र की जनता ‘घर बचाओ हक बचाओ’ के नारे के साथ अपने हकों की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह से एकजुट हो गई है।