धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस अलर्ट, डॉग स्क्वायड के साथ कोर्ट परिसर में चला सर्च ऑपरेशन,तलाशी में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
धनबाद | बम की अफवाह के बाद धनबाद पुलिस एक बार फिर अलर्ट मोड में नजर आई। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरपीएफ की डॉग स्क्वायड टीम के साथ धनबाद कोर्ट परिसर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
स्थानीय वकीलों के अनुसार, यह कार्रवाई उस ईमेल धमकी के बाद की गई, जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सुरक्षा एजेंसियों ने इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए तुरंत सर्च अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की बात कही गई है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।