BVFCL ने मनाया 25वां स्थापना दिवस, नामरूप में औद्योगिक विरासत को किया याद
डिजिटल समाचार, नामरूप, 6अप्रैल:
ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BVFCL) ने शनिवार को अपना 25वां स्थापना दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया। यह अवसर कंपनी के कृषि विकास, किसान कल्याण और राष्ट्रीय औद्योगिकीकरण में उसके निरंतर योगदान का प्रतीक बनकर उभरा।
कार्यक्रम की शुरुआत रविवार सुबह अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक मोहन राज शेरी तथा BVFCL के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा संस्थापक दिवंगत मोहिनी फुकन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुई। इसके बाद प्रशासनिक भवन परिसर में अध्यक्ष ने BVFCL का ध्वज फहराया।
अपने संबोधन में मोहन राज शेरी ने कहा कि दिवंगत मोहिनी फुकन की दूरदर्शिता और अथक प्रयासों ने नामरूप जैसे सीमावर्ती एवं पिछड़े क्षेत्र में औद्योगिक क्रांति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि उनकी सोच और नेतृत्व ने न केवल उद्योग को नई दिशा दी, बल्कि पूरे उत्तर-पूर्व में हरित क्रांति को मजबूती प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि BVFCL की स्थापना 5 अप्रैल 2002 को हुई थी। इससे पहले 1969 में स्थापित नामरूप उर्वरक संयंत्र, जो हिंदुस्तान फर्टिलाइजर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधीन था, में क्रमिक रूप से तीन इकाइयों का व्यावसायिक उत्पादन शुरू हुआ। बाद में विभिन्न प्रशासनिक और औद्योगिक कारणों से इस इकाई को अलग कर BVFCL का गठन किया गया।
पिछले 25 वर्षों में कंपनी ने देश के कृषि क्षेत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता, किसान हितों के प्रति समर्पण और राष्ट्रीय विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया है। कंपनी के प्रयासों से किसानों को सशक्त बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।
रजत जयंती वर्ष के इस विशेष अवसर पर BVFCL परिवार ने नए उत्साह और संकल्प के साथ विकास, कृषि समृद्धि और राष्ट्र सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रण लिया।
इस समारोह में प्रशासन एवं विपणन विभाग के महाप्रबंधक सत्यजीत मिश्रा, उत्पादन महाप्रबंधक दूध कुमार दास, उप महाप्रबंधक डब्ल्यू. वी. अरुण कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।