शिक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में गुणवत्ता सुधार पर जोर
शिक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक में गुणवत्ता सुधार पर जोर
— जय प्रकाश त्रिपाठी, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर, 4 अप्रैल 2026।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक/प्रशिक्षण कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में संयुक्त सचिव, शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार श्री गोविंद जायसवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन, सहायक निदेशक सुमन शा तथा केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए शिक्षण गुणवत्ता में सुधार एवं शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष चर्चा की गई। संयुक्त सचिव श्री गोविंद जायसवाल ने विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने, शिक्षण पद्धति को रोचक बनाने तथा डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन ने बताया कि जनपद में विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में समय से पठन-पाठन सुनिश्चित किया जाए तथा शिक्षकों की नियमित उपस्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का समय-समय पर मूल्यांकन करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में ‘सारथी’ प्लेटफार्म के माध्यम से नीट एवं जेईई की तैयारी आईआईटी कानपुर द्वारा कराए जाने की जानकारी दी गई तथा सभी छात्रों का अपार आईडी बनवाने के निर्देश दिए गए।
सहायक निदेशक सुमन शा ने शिक्षकों को नवीन शिक्षण तकनीकों से जोड़ने और उनके कौशल विकास के लिए नियमित प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने पर बल दिया। वहीं, केंद्रीय हिंदी संस्थान के अधिकारियों ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और भाषा शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नवाचार अपनाने की आवश्यकता बताई।
बैठक के अंत में संयुक्त सचिव ने सभी अधिकारियों को शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए ठोस कदम उठाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय को भी आवश्यक बताया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।