logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

दोआबा में गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग, किसानों की महीनों की मेहनत राख

रुद्रपुर (देवरिया), उत्तर प्रदेश | रिपोर्ट: A.K. Vishwakarma
रुद्रपुर ब्लॉक के दोआबा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे तिघरा खैरवा, लालपुर परसिया और एकौना गांवों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और सैकड़ों बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने की शुरुआत भूसा बनाने वाली मशीन से हुई, जिसके बाद तेज हवाओं ने आग को और भड़का दिया। तिघरा खैरवा के सिवान में लगी आग तेजी से फैलते हुए लालपुर परसिया तक पहुंच गई, जिससे नुकसान का दायरा बढ़ता चला गया।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों किसान मौके पर पहुंच गए और पेड़ों की टहनियों व उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान कई किसानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
वहीं, दोआबा क्षेत्र के एकौना गांव में भी आग लगने की खबर है, जहां स्थानीय किसान और ग्रामीण मिलकर आग बुझाने में लगे हुए हैं। घटना के समय तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। हालांकि, एकौना थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर मौजूद रही और स्थिति को संभालने में जुटी रही।
इस भीषण आगजनी की घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गेहूं की तैयार फसल जल जाने से उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फिर गया है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है।
प्रशासन से अपेक्षा: स्थानीय किसानों का कहना है कि समय रहते फायर ब्रिगेड पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित किसानों का सर्वे कर शीघ्र उचित मुआवजा दिया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं।
(A.K. Vishwakarma,AIMA MEDIA,DEORIA

9
340 views
1 shares

Comment