हनुमान जन्मोत्सव पर ठाकुरद्वारा व शनि देव मंदिर में गूंजे जयकारे, विशाल भंडारे का आयोजन
फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के मोहल्ला साहूकारा स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर एवं शनि देव मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के तहत ठाकुरद्वारा मंदिर में प्रातः लगभग 9 बजे पंडित सूर्य प्रकाश पाठक एवं पंडित प्रवन पाण्डेय द्वारा भगवान पवन पुत्र हनुमान की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन कराया गया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर “जय श्रीराम” और “जय हनुमान” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।
समाजसेवी व्यापारी अमित गोयल ने बताया कि मंदिर समिति एवं स्थानीय व्यापारियों के सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप से संपन्न हुआ। इसके पश्चात मुख्य बाजार में गंगवार मेडिकल स्टोर के समीप शनि देव मंदिर के सामने दोपहर लगभग 12 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में कस्बा वासियों के साथ-साथ दूर-दराज से आए ग्रामीणों ने भी भाग लिया और पूड़ी, सब्जी एवं हलवा का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रात्रि लगभग 9 बजे हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में केक काटकर उत्सव मनाया गया। इसके बाद भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भगवान श्रीराम एवं हनुमान जी के भजनों पर झूम उठे और भक्ति में सराबोर होकर नृत्य किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी एवं भाजपा नेता दीपक गोयल, सतीश गुप्ता, राज कपूर गुप्ता, सुनील कुमार गुप्ता, राजेश गुप्ता, अखिलेश अग्रवाल, अमित सिंह, गोविंद कुमार गुप्ता (सीपू लाला), नितिन गुप्ता, संजीव शर्मा, डॉ. मुदित प्रताप सिंह, शीलू चौहान, पूर्व सभासद ठाकुर धीरेंद्र सिंह, अंकित गुप्ता, प्रेमपाल गंगवार, मयंक अग्रवाल, श्याम सुंदर गुप्ता, रजत बंसल, मोनू रस्तोगी, पंकज गोयल, प्रवीन गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति एवं व्यापारियों की सक्रिय भूमिका रही, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना रहा।