logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

रामनगर रोड निर्माण को मिली मंजूरी, मई के दूसरे हफ्ते से शुरू होगा कार्य:- मेयर दीपक बाली

काशीपुर:-मेयर दीपक बाली ने आज अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में रामनगर रोड निर्माण को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि काशीपुर-रामनगर रोड (किमी 0 से 24) के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने इस कार्य का श्रेय प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिया।जिनके द्वारा केंद्र सरकार के संबंधित विभाग से बात करने के बाद यह स्वीकृति मिली है।
महापौर ने जानकारी दी कि करीब 16 करोड़ 81 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए जीओ जारी हो चुका है। एक सप्ताह के भीतर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी और 10 अप्रैल के आसपास टेंडर जारी होने के बाद मई के दूसरे सप्ताह में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

उन्होंने इस परियोजना के लिए विकास की दूरदर्शी सोच रखने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की तत्परता के चलते यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यह सड़क काशीपुर की बड़ी समस्या बनी हुई थी, जिसे अब प्राथमिकता से हल किया जा रहा है।

फोरलेन परियोजना भी प्रक्रिया में-
महापौर ने स्पष्ट किया कि रामनगर रोड को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया भी जारी है। भूमि अधिग्रहण और वन विभाग से संबंधित औपचारिकताएं चल रही हैं। उन्होंने बताया कि फोरलेन निर्माण में करीब दो से ढाई वर्ष का समय लगेगा, इसलिए फिलहाल टू-लेन सड़क का निर्माण जरूरी था ताकि जनता को राहत मिल सके।
रेलवे ओवरब्रिज पर भी प्रगति-
रामनगर रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज को लेकर उन्होंने बताया कि इसकी प्रक्रिया भी जारी है। पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह परियोजना दिसंबर 2026 तक पूरी होने की उम्मीद है।
रोडवेज और आईएसबीटी पर भी चर्चा-
प्रेस वार्ता के दौरान रोडवेज बस अड्डे की बदहाल स्थिति और पानी की समस्या का मुद्दा भी उठा। इस पर महापौर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही नए आईएसबीटी के लिए बाजपुर रोड और मुरादाबाद रोड क्षेत्र में जमीन चिन्हित किए जाने की बात कही।

अतिक्रमण और तहबाजारी पर स्पष्टीकरण-
चैती मेला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा तय शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 फीट तक ₹50, 48 फीट तक ₹75 और उससे अधिक पर ₹150 शुल्क पूर्व निर्धारित है। यदि कहीं गलत वसूली पाई जाती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने अंत में कहा कि काशीपुर के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और आम जनता को जल्द बेहतर सड़क व सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

0
57 views

Comment