मोहनगढ़ में मौसम का मिजाज बदला: तेज आंधी और रेत भरी हवाओं से जनजीवन प्रभावित :-
मोहनगढ़(जैसलमेर) - क्षेत्र में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। कभी आसमान में घने बादल छा जाते हैं तो कभी तेज धूप खिलने लगती है। गुरुवार को भी दिनभर मौसम में यही उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह के समय आसमान में बादल छाए रहे, जिससे मौसम सुहावना बना रहा, लेकिन दोपहर तक तेज धूप निकल आई। इसके बाद फिर से बादलों की आवाजाही के चलते धूप-छांव का सिलसिला जारी रहा। शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी का दौर शुरू हो गया। तेज हवाओं के साथ उड़ रही रेत ने पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। चारों ओर धूल-धूसरित वातावरण हो गया, जिससे आमजन का जनजीवन प्रभावित हुआ। विशेष रूप से दुपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर दृश्यता भी कम हो गई। आंधी के कारण खेतों में कटाई कर रखी गई फसलें भी प्रभावित हुईं और कुछ स्थानों पर फसल उड़ने की स्थिति बन गई। वहीं, घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी रेत की परत जम गई, जिससे लोगों को साफ-सफाई में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। शाम के समय भी तेज हवाओं का दौर जारी रहा और रेत उड़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम के इस लगातार बदलते रुख से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, खासकर किसानों के लिए यह स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।