" प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय का पेशकार 1.70 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार"
विजय कुमार, वरिष्ठ पत्रकार
पटना/मुंगेर: भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त कार्यालय में तैनात प्रशाखा पदाधिकारी (पेशकार) मुकेश कुमार को 1,70,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, परिवादी नंदकिशोर प्रसाद सुमन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी पेशकार मुकेश कुमार द्वारा जमीन से संबंधित एक मामले में उनके पक्ष में फैसला करने या लाभ पहुँचाने की एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामला सरकारी जमीन (तीन कट्ठा चार धूर, खाता संख्या 608, खेसरा 1240) से जुड़ा है, जिस पर वादी ने अपील दायर कर रखी थी।
ऐसे बिछाया जाल:
शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद, डीएसपी पवन कुमार-I के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। आज, जैसे ही आरोपी ने मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय स्थित विधि शाखा कक्ष के सामने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे दबोच लिया।
आगे की कार्रवाई:
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है। ब्यूरो के अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद उसे भागलपुर स्थित माननीय विशेष निगरानी न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।