logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

सीट को लेकर कचहरी में बवाल: अधिवक्ता को पीटा, फाइलें फाड़ीं; पुलिस जांच में जुटी

शाहजहांपुर।
जजी कचहरी परिसर में गुरुवार सीट को लेकर दो पक्षों के अधिवक्ताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक अधिवक्ता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा गया, वहीं उनकी फाइलें फाड़ दी गईं और कुर्सी भी तोड़ दी गई। घटना से कचहरी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

लोधीपुर मोहल्ला निवासी अधिवक्ता प्रदीप कुमार ने सदर थाने में दी तहरीर में बताया कि वह सुबह लगभग 11:30 बजे अपनी निर्धारित सीट पर बैठे थे। इसी दौरान दो अन्य अधिवक्ता अपने मुंशी और साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन्हें सामने वाली सीट पर बैठने से मना करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ अभद्रता की।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। उनके सिर और हाथों पर डंडों से वार किए गए। जान बचाकर भागने की कोशिश करने पर हमलावरों ने उन्हें पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। इस दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और सीट पर रखी जरूरी फाइलों को भी नुकसान पहुंचाया गया।

घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। वहीं कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौते की भी कोशिश की, लेकिन मामला थाने तक पहुंच गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
सदर थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि कचहरी परिसर में सीट को लेकर विवाद और मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अधिवक्ताओं के बीच बढ़ते विवादों को देखते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है।

0
24 views

Comment