logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राष्ट्रवादी पार्टी का 6 सूत्रीय ज्ञापन, किसानों से लेकर शहर की बदहाली तक उठाए मुद्दे

शाहजहांपुर।
राष्ट्रवादी पार्टी ने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। ज्ञापन में किसानों, बिजली उपभोक्ताओं, सड़क व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।

पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि गेहूं खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिल सके और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल पाए। साथ ही अमर शहीदों की मूर्तियों को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका के तहत गिरफ्तारी की मांग की गई।

स्मार्ट मीटर के कारण बढ़े बिजली बिलों को लेकर भी पार्टी ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया गया कि उपभोक्ताओं को पुराने मीटरों की तुलना में अधिक बिल देना पड़ रहा है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

इसके अलावा शहर की जर्जर सड़कों और गलियों की समस्या को उठाते हुए कहा गया कि वर्षों से खुदाई के कारण मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुके हैं, जिनका शीघ्र सुधार कराया जाना चाहिए। ज्ञापन में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने और बंद पड़े सार्वजनिक शौचालयों को पुनः संचालित कराने की मांग भी शामिल रही।

पार्टी ने नए शैक्षणिक सत्र में किताबों की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि इससे गरीब परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह चंदेल, बरेली मंडल प्रभारी सुभाष पांडेय सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

4
58 views

Comment