logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

वाराणसी : महापौर अशोक तिवारी बने वॉलीबॉल महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष


वाराणसी। महापौर अशोक कुमार तिवारी को भारतीय वॉलीबॉल महासंघ (वीएफआई) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद खेल जगत में खुशी का माहौल है। इसे उत्तर प्रदेश में वॉलीबॉल के बढ़ते प्रभाव के रूप में देखा जा रहा है।

महापौर अशोक तिवारी की यह नियुक्ति उनके खेल प्रबंधन कौशल और ‘खेलो इंडिया’ विजन के प्रति समर्पण को ध्यान में रखते हुए की गई है। हाल ही में वाराणसी में आयोजित 72वीं सीनियर राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप (पुरुष एवं महिला) की सफल मेजबानी को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है। जनवरी माह में हुए इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली थी, जिसमें व्यवस्थाओं और संचालन की विशेष प्रशंसा की गई थी।

अपनी नई जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए महापौर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि काशी अब केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है। अशोक तिवारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से वॉलीबॉल की नई प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें तराशने की होगी। उन्होंने इस नियुक्ति को व्यक्तिगत उपलब्धि के बजाय काशी की खेल भावना की जीत बताया।

उन्होंने कहा, “यह जिम्मेदारी सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि पूरे काशी की है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हम वॉलीबॉल को देश के हर कोने तक पहुंचाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने का प्रयास करेंगे।” इस नियुक्ति से वाराणसी को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

1
35 views

Comment