बस्ती में चोरी की अजीब घटना हुई है
बस्ती जनपद के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। बस्ती–डुमरियागंज मार्ग पर भुजैनिया पेट्रोल पंप के पास स्थित राजेंद्र पुत्र बृजलाल के घर के बाहर खड़ी ई-रिक्शा को अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया।
बताया जा रहा है कि चोर बाइक से पहुंचे थे और अपनी बाइक मौके पर छोड़कर ई-रिक्शा लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों को ई-रिक्शा गायब होने की जानकारी हुई तो घर में कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार के रोने-बिलखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित व स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय थाने को सूचना दी। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस के मौके पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी देखी गई।
डायल 112 पुलिस ने पीड़ित को थाने जाकर लिखित शिकायत देने की सलाह दी और वापस लौट गई।