सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव में उमापति उपाध्याय बने अध्यक्ष
200 से अधिक मतों से जीत, अनुज अस्थाना मंत्री निर्वाचित; अन्य पदों की मतगणना कल*
गोरखपुर। सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष और मंत्री पद के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। अध्यक्ष पद पर उमापति उपाध्याय (1039 वोट )ने शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 200 से अधिक मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं अनुज अस्थाना मंत्री(824 वोट ) पद पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जीत के बाद बार परिसर में अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें बधाइयां दीं। समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष उमापति उपाध्याय ने कहा कि वे अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, न्यायिक कार्यों में सुगमता और बार की गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत पूरे बार परिवार की है।
मंत्री पद पर निर्वाचित अनुज अस्थाना ने भी अधिवक्ताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि वे संगठन को और मजबूत बनाने तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास करेंगे।
बताया जा रहा है कि अन्य पदों के लिए मतगणना बृहस्पतिवार को कराई जाएगी, जिसके बाद पूरी कार्यकारिणी का गठन स्पष्ट हो जाएगा। फिलहाल अध्यक्ष और मंत्री पद के परिणाम घोषित होने के बाद बार एसोसिएशन के सदस्यों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।