जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, 1 अप्रैल 2026 से गृह सूची करण की प्रक्रिया का प्रतीकात्मक शुभारंभ...
जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, 1 अप्रैल 2026 से गृह सूची करण की प्रक्रिया का प्रतीकात्मक शुभारंभ...
एटा 31 मार्च 2026 सू0वि0 जनपद में आगामी जनगणना 2027 के सफल आयोजन हेतु तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। इस संबंध में जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि.रा.)लालता प्रसाद शाक्य द्वारा आम जनमानस को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई है।
उन्होंने अवगत कराया कि भारत में पिछली जनगणना वर्ष 2010-11 में आयोजित की गई थी तथा अब जनगणना 2027 का आयोजन आधुनिक तकनीकों के साथ किया जा रहा है। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन भरने (Self-enumeration) की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
जनगणना 2027 दो चरणों में संपन्न होगी। प्रथम चरण गृह सूचीकरण (House Listing Operations) का होगा, जो प्रत्येक राज्य में 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 के बीच 30 दिनों की निर्धारित अवधि में आयोजित किया जाएगा। द्वितीय चरण जनसंख्या गणना (Population Enumeration) का होगा, जो पूरे देश में 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश राज्य में गृह सूचीकरण चरण 22 मई से 20 जून 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self-enumeration) की व्यवस्था 7 मई से 21 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस प्रक्रिया के अंतर्गत परिवार अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर एक यूनिक कोड प्राप्त करेंगे, जिसे वे प्रगणक (Enumerator) के साथ साझा कर सकेंगे।
जिला जनगणना अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करें तथा निर्धारित तिथियों के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में योगदान दें।
उन्होंने बताया कि जनगणना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं अन्य आवश्यक जानकारी समय-समय पर साझा की जाएगी।