न्याय व्यवस्था पर जोगी परिवार को अटूट विश्वास, सत्य की होगी जीत - अमित
रायपुर छत्तीसगढ़ दिनांक 25 मार्च 2026। जग्गी प्रकरण के मामले में सीबीआई की अपील पर माननीय उच्च न्यायालय में होने वाली सुनवाई को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के मुख्य प्रवक्ता अधिवक्ता श्री भगवानू नायक ने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी से जुड़े मामले में 1 अप्रैल की सुनवाई से पहले कुछ तथ्य स्पष्ट करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा वर्ष 2007 में ट्रायल कोर्ट ने श्री अमित जोगी को सम्मानपूर्वक बरी किया था — यह फैसला केवल साक्ष्यों की कमी पर नहीं, बल्कि पूरी सुनवाई के बाद दिया गया था। बरी के खिलाफ सभी चुनौतियां उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय में खारिज हो चुकी हैं। केवल सीबीआई की अपील पर सुनवाई का निर्देश दिया गया है।
अपील की प्रक्रिया दो चरणों में होती है —
पहले, अदालत तय करती है कि अपील सुनी जाए या नहीं। दूसरे, पूरे मामले पर विस्तार से सुनवाई होती है। इस मामले में पहला चरण ही ठीक से नहीं हुआ। बिना दस्तावेज दिए अपील आगे बढ़ाई गई। इसलिए हमारी स्पष्ट मांग है कि सीबीआई की 11,000 पृष्ठों की दस्तावेज तुरंत उपलब्ध कराई जाए।इसके बावजूद, हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। हमें विश्वास है कि सत्य की जीत होगी।
उन्होंने कहा लगभग 20 वर्ष पहले, जब यह मामला सामने आया, तब श्री अमित जोगी ने इस चुनौती को अवसर में बदला। उन्होंने कानून की पढ़ाई की, स्वर्ण पदक हासिल किया, और एक हाथ में कानून का स्वर्ण पदक तथा दूसरे में सम्मानपूर्वक बरी का आदेश लेकर और मजबूत होकर उभरे। तब भी उन्होंने ईश्वर पर विश्वास जताया था — और आज भी वही विश्वास कायम है। हमें न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है। 1 अप्रैल की सुनवाई में सत्य अवश्य विजयी होगा।
अधिवक्ता भगवानू नायक
मुख्य प्रवक्ता
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे)