*बिग-ब्रेकिंग न्यूज़-*
सोनारडीह में भू-धंसान से हड़कंप, कई घर जमींदोज, लोगों के दबे होने की आशंका
धनबाद: कोयलांचल क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। कतरास स्थित सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबारी में मंगलवार शाम करीब 5 बजे अचानक भू-धंसान हो गया, जिससे 3 से 4 घर पूरी तरह जमींदोज हो गए। घटना में 3 से 4 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर बाहर निकल आए। कई परिवार दहशत में सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शी रिंकी कुमारी ने बताया कि अचानक जमीन धंसने से उनका घर समा गया, जिसमें उनकी बहन गीता कुमारी, चाची सरिता देवी और पिता मोनू उरांव दब गए। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण यह घटना हुई है।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में सोनारडीह ओपी का घेराव कर दिया और एनएच-32 कतरास-महुदा मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रहे भू-धंसान के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि धनबाद के कई इलाकों—सोनारडीह, रामकनाली, तेतुलमारी, जोगता और बाघमारा—में लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिसके लिए अवैध खनन जिम्मेदार है।
उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करने की मांग की है। हालांकि खबर लिखे जाने तक राहत कार्य में तेजी नहीं देखी गई थी, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।
फिलहाल पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य कब तक शुरू होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।