logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

पुरैना खंडी चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर का कहर, युवक की मौके पर मौत, कपड़ा खरीदकर पत्नी के साथ लौट रहे राम बचन साहनी को डंपर ने कुचला मौके पर मौत


रिपोर्ट: प्रदीप सिंह, महराजगंज (उत्तर प्रदेश)

महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र के पुरैना खंडी मुख्य चौराहे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर ने युवक को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के हरखपूरा टोला मथौली निवासी रामबचन साहनी अपनी पत्नी सुनीता के साथ पुरैना चौराहे पर कपड़ा खरीदने आए थे। खरीदारी करने के बाद दोनों घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जब वे मद्धेशिया किराना स्टोर के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने रामबचन साहनी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसा इतना भीषण था कि रामबचन साहनी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद उनकी पत्नी सुनीता बदहवास होकर रोने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें संभाला। हादसे के बाद आसपास के दुकानदारों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल घुघली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं डंपर चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

2
46 views

Comment