एचपीवी टीकाकरण पर उपायुक्त सख्त, 14–15 वर्ष की बच्चियों का शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश
स्कूलों में नोडल शिक्षक और प्रखंड स्तर पर अधिकारी नियुक्त होंगे, स्वास्थ्य केंद्रों पर ही लगेगा टीका
पाकुड़:-पाकुड़ के उपायुक्त Manish Kumar ने एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम को लेकर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में एक नोडल शिक्षक तथा प्रत्येक प्रखंड में स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि टीकाकरण केवल जिला अस्पताल, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ही कराया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
साथ ही उपायुक्त ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया, जिससे आम लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सके।
इस दौरान सिविल सर्जन Surendra Kumar Mishra ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन दुनिया के 162 देशों में सफलतापूर्वक दी जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी एवं सुरक्षित है।
प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा सकेगा।