*शाहगंज में नशा मुक्ति को लेकर छात्राओं की जागरूकता रैली निकली*
एनएसएस के तृतीय एकदिवसीय कार्यक्रम में दिया सामाजिक सरोकारों का संदेश
शाहगंज, जौनपुर। राजकीय महिला महाविद्यालय शाहगंज की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा तृतीय एकदिवसीय सामान्य कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य प्रो. संजय वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम अधिकारी प्रो. शिवाजी सिंह के नेतृत्व में छात्राओं ने समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशा मुक्ति अभियान को लेकर एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली महाविद्यालय परिसर से शुरू होकर तहसील, रामलीला मैदान, खुटहन रोड और योगी तिराहा होते हुए पुनः महाविद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई। इस दौरान छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ समाज का निर्माण करें” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली के दौरान स्थानीय नागरिकों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और उनके उत्साह की प्रशंसा की।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. संजय वर्मा ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है, जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रो. आनंद सिंह, प्रो. अखिलेश राम, प्रो. एम.पी. सिंह, रमेश चंद्र, प्रो. सर्वजीत सिंह, प्रो. अमृता बरनवाल, प्रो. अजय शुक्ला, कार्यालय अधीक्षक राजबहादुर जायसवाल सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।