हरदोई में 88 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित
*हरदोई*
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के क्रम में जनपद हरदोई में भी बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से स्वामी विवेकानंद सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पीके वर्मा ने नवनियुक्त आंगनवाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए तथा जनपद के 88 आंगनवाड़ी केंद्र भवनों का लोकार्पण किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी सहायिकाएं व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनका दायित्व केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि सहायिकाएं गांव-गांव जाकर बच्चों और माताओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कुपोषण मुक्त भारत के निर्माण में भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया और सभी से निष्ठा, समर्पण व ईमानदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा, जिला कार्यक्रम अधिकारी रमेन्द्र कुमार सिंह एवं विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां उपस्थित रहीं