logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

बांदा: पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची पीड़िता, पति और बहनोई पर घर फूंकने का लगाया गंभीर आरोप।

बांदा जनपद के जसपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गौरी कला की एक पीड़िता ने आज अपने परिवार और मासूम बच्चों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र सौंपते हुए अपने पति और बहनोई पर घर में आग लगाने और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

पीड़िता स्नेहा देवी के अनुसार, बीते 13 मार्च 2026 की रात करीब 12:30 बजे उसके पति पंकज विश्वकर्मा और बहनोई कौशल किशोर ने मिलकर उसके मायके स्थित घर में आग लगा दी। इस भीषण अग्निकांड में पीड़िता के भाई का घर, दो दुकानें और वाहन सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। पीड़िता का दावा है कि इस घटना में उसका लगभग 8 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है।

पीड़िता ने बताया कि वह पिछले 16-17 दिनों से न्याय के लिए जसपुरा थाने के चक्कर काट रही है, लेकिन थानाध्यक्ष द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। स्नेहा देवी ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं और अब फोन पर और भी बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकियां दे रहे हैं।

आज भारी मन से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची पीड़िता ने कप्तान साहब से मुलाकात की। पीड़िता की व्यथा सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संबंधित थाने को फोन कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। पीड़िता ने मांग की है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए ताकि उसे और उसके बच्चों को सुरक्षा और न्याय मिल सके।

14
1818 views

Comment